
लाल बिहारी बोले- अखिलेश यादव को देश की बेटी मिली, चाहे उत्तराखंड की हो या उत्तर प्रदेश की; आशुतोष सिन्हा ने मुख्यमंत्री की टिप्पणी को बताया छोटी मानसिकता
गाजीपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सपा प्रमुख अखिलेश यादव को लेकर दिए गए बयान के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है। गाजीपुर पहुंचे समाजवादी पार्टी के नवनिर्वाचित शिक्षक एमएलसी लाल बिहारी यादव और स्नातक एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने मुख्यमंत्री के बयान पर तीखा पलटवार किया। दोनों नेताओं ने मुख्यमंत्री की टिप्पणी पर सवाल उठाते हुए इसे अनुचित बताया।

मीडिया से बातचीत के दौरान शिक्षक एमएलसी लाल बिहारी यादव ने कहा कि अखिलेश यादव को शादी करने के लिए पूरे देश में कोई बेटी नहीं मिली, ऐसा कहना गलत है। उन्हें देश की बेटी मिली है, चाहे वह उत्तराखंड की हो या उत्तर प्रदेश की। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणी करना उचित नहीं है।
वहीं स्नातक एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि इतनी छोटी मानसिकता का कोई मुख्यमंत्री नहीं हो सकता। उन्होंने विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि वह योगी हैं, साथ ही मानसिक रोगी भी हो गए हैं। उनकी सोच बहुत गलत है और उन्हें किसी अच्छे डॉक्टर से मिलना चाहिए।
इस दौरान अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को अयोध्या में दर्शन करने के कार्यक्रम को लेकर भी आशुतोष सिन्हा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हम कब दर्शन करेंगे, कब विवाह करेंगे और कब गृह प्रवेश करेंगे, यह हम खुद तय करेंगे। यह सब भाजपा नहीं तय करेगी, बल्कि हम तय करेंगे।
सपा नेताओं के इन बयानों के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के बीच राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

