
जौनपुर। आगामी छठ पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में शुक्रवार, 13 नवंबर को जिलाधिकारी सैमुअल पाल एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने थाना कोतवाली क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम और एसपी ने स्पष्ट किया कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर अनंत चन्द्रशेखर, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर सम्यक चौधरी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


