
By: शाकिर अंसारी
चंदौली । भारत निर्वाचन आयोग की मंशानुरूप आगामी चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन कार्यालय के तत्वावधान में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में वल्नरेबिल (संवेदनशील) एवं क्रिटिकल (अतिसंवेदनशील) मतदेय स्थलों के चिन्हांकन के संबंध में महत्वपूर्ण प्रशिक्षण बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों की पहचान करने की बारीकियों से अवगत कराया गया। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि मतदेय स्थलों का निर्धारण पूरी तरह पारदर्शिता के साथ किया जाए, ताकि मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था के पहलुओं पर जोर देते हुए कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी।

