
जौनपुर। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक परेड की सलामी ली और परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों के टर्नआउट, अनुशासन और शारीरिक फिटनेस का जायजा लेते हुए वर्दी को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने तथा नियमित व्यायाम और ड्रिल करने के निर्देश दिए।
परेड के बाद एसपी ने पुलिस लाइन परिसर और विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई बनाए रखने, अभिलेखों का उचित रखरखाव करने और लंबित कार्यों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिए।
इसके साथ ही यूपी-112 के वाहनों का निरीक्षण कर उनकी साफ-सफाई, रखरखाव और उपलब्ध उपकरणों की क्रियाशीलता जांचने के निर्देश दिए। एसपी ने पुलिसकर्मियों को सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करने और आमजन के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार करने पर जोर दिया।
अंत में अर्दली रूम के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, सतर्कता और अनुशासन के साथ करने के निर्देश दिए गए।


