
भांवरकोल में पुलिस की घेराबंदी पर तस्करों ने की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली • पंजाब के तीन तस्कर गिरफ्तार, दो डीसीएम और तमंचा बरामद
गाजीपुर। गोतस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में भांवरकोल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुरुवार की रात पुलिस और गोतस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पंजाब निवासी एक शातिर गोतस्कर के बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से दो डीसीएम में लदे 18 गोवंश, एक तमंचा, कारतूस और खोखा बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, थानाध्यक्ष राजीव कुमार पांडेय टीम के साथ रात में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पंजाब नंबर की एक डीसीएम में गोवंश लादकर पक्खनपुर के रास्ते बिहार ले जाए जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने रसूलपुर-मोहम्मदाबाद-भरौली मार्ग पर घेराबंदी कर डीसीएम (पीबी10…8928) को रोक लिया। तलाशी में उसमें नौ गोवंश मिले। पुलिस ने चालक दर्शन सिंह निवासी चौकीमान, थाना सदर जगरांव, जिला लुधियाना को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में उसने एक अन्य डीसीएम से भी नौ गोवंश ले जाए जाने की जानकारी दी। कुछ देर बाद दूसरी डीसीएम आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसमें सवार तस्करों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सुखदीप कुमार निवासी हिम्मतनगर, थाना समराला, जिला लुधियाना के बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर सीएचसी मोहम्मदाबाद पहुंचाया। मौके से पवन कुमार निवासी बलियोंन, थाना समराला, जिला लुधियाना को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने दोनों डीसीएम से कुल 18 गोवंश बरामद किए। इसके अलावा एक .315 बोर का तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस भी मिला। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पंजाब से गोवंश लादकर बिहार में बेचने के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष राजीव कुमार पांडेय और शेरपुर चौकी प्रभारी विपिन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ शामिल रहे।

