
एक महीने का वेतन विशेष प्रोत्साहन भत्ते के रूप में देने की मांग; निखिल रतन मांडवे ने मनपा आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
नवी मुंबई । स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में नवी मुंबई महानगरपालिका ने देश के सबसे स्वच्छ शहर का प्रथम स्थान हासिल किया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि का श्रेय सफाई कर्मचारियों को देते हुए निखिल रतन मांडवे ने उन्हें एक महीने का वेतन विशेष प्रोत्साहन भत्ते के रूप में देने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने मनपा आयुक्त डॉ. कैलास शिंदे को ज्ञापन सौंपा है।

मांडवे ने ज्ञापन में कहा कि नवी मुंबई को देश में अव्वल बनाने में सफाई कर्मचारियों और ठोस कचरा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान है। ये कर्मचारी सुबह 4 बजे से ही तेज धूप, बारिश और खराब मौसम की परवाह किए बिना सड़कों की सफाई, नालों की सफाई, घर-घर कचरा संकलन और कचरे के वर्गीकरण का काम करते हैं। उनके अथक परिश्रम के कारण ही शहर को राष्ट्रीय स्तर पर यह गौरव प्राप्त हुआ है।
उन्होंने कहा कि वातानुकूलित कार्यालयों में बैठकर उपलब्धियों का श्रेय लेने के बजाय उन कर्मचारियों के श्रम और समर्पण का सम्मान किया जाना चाहिए, जो प्रतिदिन मैदान में उतरकर शहर को स्वच्छ रखने का काम करते हैं। मांडवे ने अपने ज्ञापन में वरिष्ठ कवि सुरेश भट की पंक्तियों का उल्लेख करते हुए मेहनतकश कर्मचारियों के अधिकारों की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।
उन्होंने मांग की कि सभी स्थायी एवं ठेका सफाई कर्मचारियों, कचरा संकलन और परिवहन कर्मचारियों, सफाई मुकादम, क्षेत्रीय सुपरवाइजर, स्वच्छता निरीक्षकों तथा ठोस कचरा प्रबंधन विभाग के संबंधित अधिकारियों को एक महीने का वेतन विशेष प्रोत्साहन भत्ते के रूप में दिया जाए।
मांडवे ने प्रशासन से मांग की कि नवी मुंबई को देश में प्रथम स्थान दिलाने वाले इन असली शिल्पकारों को उनके परिश्रम का उचित सम्मान और आर्थिक प्रोत्साहन तत्काल प्रदान किया जाए।

