
भाजपा नेता प्रीतम म्हात्रे की पहल; ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के तहत 11 से 19 अक्टूबर तक आयोजन
पनवेल : नवरात्रि के अवसर पर महिलाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए भाजपा नेता प्रीतम जनार्दन म्हात्रे की पहल पर नौ दिवसीय निःशुल्क थायरॉइड जांच शिविर का आयोजन किया गया है। जे. एम. म्हात्रे चैरिटेबल संस्था, पनवेल और दीपक क्लिनिकल लैबोरेटरी के संयुक्त तत्वावधान में 11 से 19 अक्टूबर 2026 तक महिलाओं की थायरॉइड (TSH) जांच निःशुल्क की जाएगी।

यह उपक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा भाव से प्रेरित भारतीय जनता पार्टी के ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के अंतर्गत आयोजित किया गया है। संस्था के संस्थापक जे. एम. म्हात्रे के मार्गदर्शन तथा संस्था के अध्यक्ष प्रीतम जनार्दन म्हात्रे की पहल पर इस अभियान को गति दी गई है। पनवेल महानगरपालिका की महिला एवं बाल कल्याण समिति की सभापति ममता प्रीतम म्हात्रे के नियोजन में इस उपक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का उद्देश्य
थायरॉइड संबंधी बीमारियों के प्रति महिलाओं में जागरूकता बढ़ाना और समय पर जांच की सुविधा उपलब्ध कराना इस शिविर का प्रमुख उद्देश्य है। वजन में अचानक बदलाव, लगातार थकान, बाल झड़ना और मासिक धर्म में अनियमितता जैसे लक्षण थायरॉइड की समस्या से जुड़े हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर महिलाओं को समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने और आवश्यक जांच कराने की अपील की गई है।
प्रीतम म्हात्रे ने की महिलाओं से अपील
भाजपा नेता प्रीतम जनार्दन म्हात्रे ने कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य स्वस्थ परिवार और सशक्त समाज की आधारशिला है। जे. एम. म्हात्रे चैरिटेबल संस्था के माध्यम से लगातार विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जनसेवी उपक्रम चलाए जा रहे हैं। नवरात्रि के अवसर पर आयोजित इस निःशुल्क जांच शिविर के माध्यम से अधिक से अधिक महिलाओं तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने पनवेल और आसपास के क्षेत्रों की महिलाओं से शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। संस्था की ओर से कहा गया कि ‘स्वस्थ महिला, सक्षम परिवार और सशक्त समाज’ के संकल्प के साथ यह जनसेवी अभियान चलाया जा रहा है।
शिविर का विवरण
– अवधि: 11 से 19 अक्टूबर 2026
– समय: सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक
– स्थान: आरोग्य सेवालाय, दीपक क्लिनिकल लैबोरेटरी, दुकान नंबर 4, वास्तु श्री सीएचएस, प्लॉट नंबर 50/6, महाराष्ट्र भूषण डॉ. नानासाहेब धर्माधिकारी उपजिला अस्पताल के सामने, पनवेल – 410206।
– जांच: महिलाओं के लिए निःशुल्क थायरॉइड (TSH) जांच।

