
सैदपुर में हाईवे पर पुलिस की कार्रवाई, चार मोबाइल बरामद
गाजीपुर : सैदपुर पुलिस ने छिनैती के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि दो बाल अपचारियों को अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने इनके कब्जे से छिनैती का एक मोबाइल समेत कुल चार मोबाइल बरामद किए हैं। तीनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, रविवार को उपनिरीक्षक रमेश प्रसाद टीम के साथ क्षेत्र में अभियान चला रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर वाराणसी-गाजीपुर हाईवे स्थित बड़ेपुर गांव के पास दबिश देकर सुजीत यादव (19) निवासी भीरा बलुआ, थाना सैदपुर को गिरफ्तार किया गया। उसके साथ दो बाल अपचारियों को भी अभिरक्षा में लिया गया।
पुलिस ने बताया कि तीनों के कब्जे से तीन मल्टीमीडिया मोबाइल और एक की-पैड मोबाइल बरामद हुआ है। मामला सैदपुर थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 346/2026 से संबंधित है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रमेश प्रसाद और उपनिरीक्षक रामचंद्र सिंह पुलिसकर्मियों के साथ शामिल रहे।


