
By : नागेश प्रताप सिंह
जिला पंचायत अध्यक्ष व अधिकारियों ने श्रमिकों के स्वास्थ्य को बताया प्राथमिकता

बस्ती : बजाज चीनी मिल रुधौली के परिसर में गुरुवार को श्रम विभाग बस्ती (उत्तर प्रदेश) के तत्वावधान में ‘सेवा संकल्प अभियान: सेवा मेरा योगदान, सेवा – सेतु’ के अंतर्गत एक दिवसीय ‘श्रमिक सम्मान -स्वास्थ्य -शिविर’ का सफल आयोजन किया गया। आपको बताते चलें किपूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 2:00 बजे तक चले इस शिविर का विधिवत शुभारंभ मुख्य- अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, मिल इकाई प्रमुख तथा वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
* इस अवसर पर सैकड़ों श्रमिकों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य का निःशुल्क परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाइयां और चिकित्सीय परामर्श दिया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि संजय चौधरी ने कहा कि श्रमिक समाज और उद्योग जगत की रीढ़ हैं तथा उनके स्वास्थ्य व अधिकारों की सुरक्षा करना शासन और समाज दोनों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ गन्ना अधिकारी बाल सिंधु पाण्डेय ने अपने विचार रखते हुए कहा कि स्वस्थ श्रमिक ही किसी भी उद्योग और कृषि व्यवस्था की उन्नति की मजबूत नींव होते हैं, इसलिए समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण अत्यंत आवश्यक है।
वहीं जोनल एचआर (पूर्वी जोन) एम.के. शुक्ला ने कहा कि मिल प्रबंधन अपने कर्मियों के सुरक्षित कार्य वातावरण और स्वास्थ्य कल्याण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी ऐसे शिविर निरंतर लगाए जाते रहेंगे। इकाई प्रमुख ने भी सभी अतिथियों व चिकित्सा दल का आभार जताया।
इस अवसर पर मिल चिकित्सक डॉ. एस.के. राठौर, इंजीनियरिंग हेड श्रवण कुमार चौहान तथा प्रोडक्शन हेड एम.के. त्रिपाठी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। स्वास्थ्य परीक्षण दल में डॉ. एस.के. श्रीवास्तव, डॉ. अश्विन, नीरज चौधरी, अरविन्द, आबिदा खातून तथा प्रेमा पाण्डेय ने अपनी सेवाएं दीं। शिविर में बड़ी संख्या में मिल कर्मी और स्थानीय श्रमिक उपस्थित रहे।

