
सेवराई (गाजीपुर) : गहमर कोतवाली पुलिस ने सोमवार को एनएच-124सी पर भदौरा बस स्टैंड के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान चार पहिया वाहनों के शीशों पर लगी काली फिल्म हटवाई गई और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के चालान काटे गए। अचानक हुई कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा।
गहमर कोतवाल नंदकुमार तिवारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज रजा के निर्देश पर दोपहर 12:30 बजे से शाम चार बजे तक अभियान चलाया गया। हाईवे से गुजरने वाले वाहनों को रोककर कागजात और अन्य जरूरी चीजों की जांच की गई। काली फिल्म लगे वाहनों के शीशों से फिल्म हटवाने के साथ चालान की कार्रवाई की गई।

पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी। कार चालकों से सीट बेल्ट लगाने और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा बाइक सवारों से हेलमेट पहनने की अपील की गई। कोतवाल ने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है।

