
जौनपुर : सेवा भारती के तत्वावधान में बीआरपी इंटर कॉलेज मैदान में 21 से 29 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली नौ दिवसीय श्रीराम कथा की तैयारियों को लेकर रविवार को उत्सव मोटल के बैंक्वेट हॉल में समन्वय बैठक हुई। बैठक में 20 अक्टूबर को प्रस्तावित भव्य कलश एवं शोभायात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
कलश यात्रा के दौरान आकाश से हेलीकॉप्टर द्वारा पुष्पवर्षा की जाएगी। हनुमानघाट से निकलने वाली यात्रा में करीब 10 हजार रामभक्तों के शामिल होने का अनुमान है। बैठक में कलश यात्रा की संख्या, रूट मैप, सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
आयोजकों के अनुसार, शहर के ऊपर पुष्पवर्षक हेलीकॉप्टर और नीचे रामभक्तों की ओर से गूंजते जय श्रीराम के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय बनाने की तैयारी है। श्रीराम कथा के मुख्य आयोजक ज्ञानप्रकाश सिंह ने कहा कि कलश यात्रा को भव्य स्वरूप देने की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास से जौनपुर के कल्याणार्थ श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है और इसे समाज परिवर्तन का माध्यम बनाना सेवा भारती का उद्देश्य है।
बैठक की अध्यक्षता मुरली पाल, प्रांत कार्यवाह काशी प्रांत ने की, जबकि संचालन डॉ. तेज सिंह, विभाग प्रमुख सेवा भारती ने किया। इस दौरान प्रांत संघचालक अंगराज सिंह, डॉ. वेदप्रकाश सिंह, अनिल गुप्ता, प्रेमचंद शुक्ल, राजीव कुमार सिंह, ब्रम्हेश शुक्ल, पप्पू माली, डॉ. विनोद कन्नौजिया, सुरेश सिंह, डॉ. मधुकर तिवारी सहित विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।


