सेवराई (गाजीपुर) : तहसील क्षेत्र में रेवतीपुर ब्लॉक के ग्राम सभा टोंगा की हरिजन बस्ती में करीब पांच वर्षों से गली बदहाल पड़ी है। किशोरीराम के मकान से लेकर धीरजू यादव के मकान तक जाने वाली गली की हालत इतनी खराब है कि ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी विकट हो जाती है।
गली में जगह-जगह गड्ढे और ऊबड़-खाबड़ रास्ते के कारण सबसे अधिक परेशानी बच्चों और बुजुर्गों को होती है। ग्रामीणों का कहना है कि रास्ते से गुजरते समय आए दिन लोग असंतुलित होकर गिरने से चोटिल होने की आशंका बनी रहती है। इसके बावजूद लंबे समय से गली की मरम्मत नहीं कराई गई है।
स्थानीय निवासिनी भाजपा नेत्री मंजु राम सहित ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों और ग्राम पंचायत से गली की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि कई वर्षों से समस्या झेलने के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने जनहित में जल्द से जल्द गली का निर्माण कराने की मांग की है।
