गाजीपुर : कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में वाराणसी जोन के अपर पुलिस महानिदेशक और पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में संवेदनशील स्थानों और घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी रखने तथा सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
एडीजी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर नियमित भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जाए। रूट डायवर्जन और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने के साथ स्थानीय प्रशासन से समन्वय बनाए रखा जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। गंगा घाटों और धार्मिक स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
लंबित विवेचनाओं के निस्तारण में तेजी के निर्देश
समीक्षा बैठक में लंबित विवेचनाओं और प्रार्थना पत्रों की समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण जांच पर जोर दिया गया। हिस्ट्रीशीटरों, सक्रिय और वांछित अपराधियों की निगरानी बढ़ाने तथा उनकी गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। गैंगस्टर और गुंडा अधिनियम के तहत कार्रवाई की भी समीक्षा की गई।
CCTNS पर लंबित प्रविष्टियों को पूरा करने के साथ ई-साक्ष्य और ई-समन प्रणाली का प्रभावी इस्तेमाल करने को कहा गया। अधिकारियों को प्रत्येक मामले में तकनीकी साक्ष्यों का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए गए।
साइबर अपराध और यातायात व्यवस्था भी एजेंडे में
बैठक में महिला सुरक्षा और मिशन शक्ति अभियान, साइबर अपराध, ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, अवैध शराब व मादक पदार्थों की तस्करी, गो-तस्करी तथा संगठित अपराध के खिलाफ चल रहे अभियानों की समीक्षा हुई। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात जाम से निजात के लिए प्रभावी प्रबंधन पर भी चर्चा की गई।
एडीजी ने कहा कि जनसामान्य की शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। थाना स्तर पर आने वाले फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए और हर शिकायत का निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित हो। कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी स्थिति में पुलिस तत्काल प्रतिक्रिया देते हुए शांति और सौहार्द बनाए रखे।
बैठक के बाद एडीजी ने पुलिस लाइन परिसर का भ्रमण और निरीक्षण किया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं ग्रामीण, सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
