गाजीपुर : ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से जनपद के विद्यालयों, विकासखंडों और ग्राम पंचायतों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में प्राथमिक विद्यालय मिर्जापुर, शिक्षा क्षेत्र सैदपुर में छात्र-छात्राओं ने तिरंगा राखी प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। बच्चों ने आकर्षक तिरंगा राखियां बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया और इन्हें क्षेत्राधिकारी सैदपुर को भेंट किया।
कंपोजिट विद्यालय गठिया, मोहम्मदाबाद में राखी एवं कला प्रतियोगिता हुई। विद्यार्थियों ने चित्रकला, रंग संयोजन और तिरंगा आधारित राखियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। वहीं बहरूल ओलूम ओरिएंटल कॉलेज, बहरियाबाद में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का शुभारंभ उत्साह के साथ किया गया। प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की जानकारी देते हुए राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संदेश दिया।
जनपद के सभी विकासखंडों और ग्राम पंचायतों में भी जागरूकता व रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को घरों, प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा फहराने तथा उसकी गरिमा बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया। अधिकारियों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, गौरव और देशप्रेम की भावना को मजबूत करना है।
