दुल्हीपुर, चंदौली : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से Eureka International Public School, दुल्हीपुर के विद्यार्थियों ने बुधवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। हाथों में तिरंगा लिए छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति के नारों से पूरे क्षेत्र को गुंजायमान कर दिया।
तिरंगा यात्रा विद्यालय परिसर से शुरू होकर साहूपुरी मोड़, जीटी रोड और करवत होते हुए पुनः विद्यालय परिसर पहुंचकर समाप्त हुई। यात्रा में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिंद” के नारे लगाते हुए देशभक्ति का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा के दौरान क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी भी मौजूद रहे। इनमें रितु पटेल, आस्था, सलमा, अंजली, नर्गिस, हिमांशी, मनोज, रोहन, डॉक्टर राम, पिंटू यादव, सैफ अहमद, अंशु और आशीष सेठ प्रमुख रूप से शामिल रहे। सभी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजन की सराहना की।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, तिरंगा यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, भाईचारे और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ यात्रा में सहभागिता की।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक डॉ. दानिश प्रवेज ने कहा कि तिरंगा भारत की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में देश के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या रज़िया ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान से प्रेरणा लेने और देश के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाने का संदेश दिया।
अंत में विद्यालय परिवार ने तिरंगा यात्रा को सफल बनाने में सहयोग एवं सहभागिता के लिए सभी गणमान्य नागरिकों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
