नाबालिग बच्चियों के अपहरण के मामले में था मुख्य वांछित, पुलिस पर पांच-छह राउंड फायरिंग का आरोप
सैदपुर (गाजीपुर) : नाबालिग बच्चियों के अपहरण के मामले में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को सैदपुर पुलिस ने बुधवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, कारतूस और दो मोटरसाइकिल बरामद हुई हैं।
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात सैदपुर पुलिस गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह को सूचना मिली कि 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश सादात की ओर से गाजीपुर की तरफ आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने भितरी चौकी क्षेत्र के अहिरौली गांव के पास प्राइवेट आईटीआई की पुरानी पिच रोड पर घेराबंदी कर दी।
कुछ देर बाद सादात की ओर से अपाचे बाइक पर आते युवक को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, घिरता देख बाइक सवार की मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। इसके बाद उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से पांच-छह राउंड फायरिंग कर दी। अंधेरे में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाश की पहचान संजय बिंद उर्फ बुझारत बिंद (38) पुत्र बुची बिंद, निवासी अकटहिया, थाना मुहम्मदाबाद, हाल पता बाकरबाद महाराजगंज, थाना कोतवाली गाजीपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने उसके कब्जे से एक .315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, दो मोटरसाइकिल और 1,300 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ गाजीपुर के विभिन्न थानों में चोरी, आबकारी अधिनियम, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर धाराओं में 15 मुकदमे दर्ज हैं। सैदपुर थाने में भी उसके खिलाफ 2026 में आर्म्स एक्ट व बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
मुठभेड़ में प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह, उपनिरीक्षक अनोज कुमार सिंह समेत सैदपुर पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस ने घायल आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
