गाजीपुर : भांवरकोल थाना पुलिस ने बुधवार रात गोवंश तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गंगा नदी में दो नावों से 60 गोवंशीय पशु बरामद किए। पुलिस के अनुसार, गोवंशों को नावों में क्रूरता पूर्वक लादकर गंगा के रास्ते बिहार के चौसा ले जाया जा रहा था। पुलिस की भनक लगते ही तस्कर नाव छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों नावों को कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, थानाध्यक्ष रोहित कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ रात में गश्त और चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग दो नावों में गोवंश लादकर गंगा नदी के रास्ते चौसा, बिहार ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम शेरपुर घाट पहुंची।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों नावों को किनारे लाकर उनकी तलाशी ली। नावों पर कुल 60 गोवंशीय पशु मिले। पुलिस टीम ने पशुओं को सुरक्षित बरामद कर लिया। हालांकि पुलिस को आता देख नावों पर सवार तस्कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने उनकी तलाश में पीछा भी किया, लेकिन वे हाथ नहीं आए।
मामले में भांवरकोल थाने में मुकदमा अपराध संख्या 172/26 के तहत गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5ए/5बी/8 में केस दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष रोहित कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक विपिन कुमार सिंह और पुलिसकर्मी शामिल रहे।
