पानी की किल्लत से त्रस्त

By: Surendra
Aug 31, 2023
328


नवी मुंबई  :  झोपडपट्टी वासियों का नेरुल मनपा कार्यालय पर मोर्चा नवी मुंबई। नेरुल एमआईडीसी परिसर के महात्मा गांधी नगर व बाबासाहेब अंबेडकर नगर में पानी की भीषण किल्लत को लेकर नवी मुंबई विकास आघाड़ी के नेतृत्व में नेरुल स्थित मनपा के बी- वार्ड के बाहर मोर्चा प्रदर्शन कर विधिध मांगों का ज्ञापन मनपा अधिकारी को सौंपा गया। इस मोर्चे में करीब११ राजनैतिक तथा सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने अपना समर्थन दिया।

इस संदर्भ में विशेष रूप से शामिल रिपब्लिकन सेना, नवी मुंबई के अध्यक्ष ख्वाजा मियां पटेल ने बताया कि कई वर्षों से इन झोपड़पट्टी वासियों की समस्याओं पर न तो मनपा अधिकारियों ने ध्यान दिया और न ही इस क्षेत्र के लोक प्रतिनिधि ने। दूसरी अन्य समस्याओं के अलावा करीब २ वर्षों से यहां के रहवासी पानी की समस्या से बुरी तरह जूझ रहे है। कई बार मनपा अधिकारियों को लिखित सूचना देने के बावजूद इस समस्या का हल नहीं हो पाया। श्री पटेल ने कहा कि मनपा अधिकारियों द्वारा आश्वासन दिया गया है कि इस बार जल्द ही पानी की इस समस्या को हल कर दिया जाएगा।

उक्त मोर्चे में प्रमुख रूप से शामिल अपना दल के महाराष्ट्र प्रभारी महेंद्र वर्मा ने कहा कि झोपड़पट्टी वासियों को पानी, बिजली, गटर, सड़क, साफ- सफाई तथा अस्पताल जैसी मूलभूत सुविधाएं मुहैया करना प्रशासन का पहला कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि ये वही लोग हैं जो मेहनत मजदूरी करके अमीरों के भव्य व आलीशान  इमारतें बनाते हैं। परंतु पूरे जीवन में यह लोग अपना एक मकान तक नहीं बना पाते हैं। इसलिए यह देखना सभी का दायित्व है कि कम से कम उनकी मूलभूत सुविधा में कोई कमी ना रह जाए। सैकड़ों की संख्या में उक्त मोर्चे में त्रस्त रहवासियों के साथ कर्नल चंद्रशेखर रानाडे, सलीम मुल्ला, बाबा न्यायनीत , अशोक मारुती जमादार, आशीष गोस्वामी, प्रकाश वाकोडे, दत्ता भालेराव, प्रकाश वानखेड़े, दीपा बम, संगीता चौधरी, कैलाश सरकटे, तथा उमेश खंदारे भी शामिल थे।


Surendra

Reporter - Khabre Aaj Bhi

Who will win IPL 2023 ?