मुख्यमंत्री ने चंदौली जनपदवासियों को नौ सौ करोड़ की परियोजनाओं की सौगात दी

By: Khabre Aaj Bhi
Nov 06, 2022
134


By : शाकिर अंसारी 

चंदौली : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक दिवसीय दौरे पर रविवार को चंदौली पहुंचे। उन्होंने जनपदवासियों को नौ सौ करोड़ की परियोजनाओं की सौगात चंदौली जनपद वासियों को  दी। विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। इसके बाद जनता को संबोधित किया। उन्होंने मंच से विकास की बात की। वहीं काला चावल की खेती करने वाले किसानों को सराहा। नीति आयोग के मानकों पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए जिले की तारीफ की।

सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार आरोग्यता के साथ विरासत को भी संरक्षित करने का काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में जब जिलों में मेडिकल कालेज बनवाने की प्रक्रिया शुरू हुई तो आकांक्षात्मक जिले में भी इसकी नींव पड़ी। मेडिकल कालेज का नाम बाबा कीनाराम के नाम पर रखकर स्थानीय विरासत की पहचान दूर-दूर तक पहुंचाने का काम किया गया। चंदौली जनपद विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। आकांक्षात्मक से सामान्य जनपद के रूप में चंदौली ने नीति आयोग से कई पुरस्कार हासिल किए। जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य के क्षेत्र में विकास हो रहा। वहीं बड़े-बड़े हाईवे बन रहे हैं। इससे विकास को गति मिलेगी। उन्होंने इंडो-इजराइल सब्जी उत्पादन सेंटर आफ एक्सीलेंस का भी जिक्र किया। बोले, इससे किसानों को काफी लाभ होगा। काला चावल की खेती से जनपद को देश-विदेश में नई पहचान मिली है। सरकार सभी वर्गों के हित में काम कर रही है। बेघरों के लिए प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास का लाभ दिया जा रहा। वहीं उज्ज्वला योजना से भी संतृप्त किया जा रहा है। कहा कि माताएं व बहने परिवार व समाज को स्वालंबन प्रदान करने में अहम भूमिका निभाती हैं। सरकार उनके लिए भी कई कार्यक्रम चला रही है। युवाओं को स्मार्ट फोन का वितऱण किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश का नौजवान देश में सबसे प्रतिभाशाली व ऊर्जावान युवा है। ऐसे में सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से स्मार्ट फोन देने का काम कर रही है। कहा कि देश बदल रहा है। वैश्विक मंच पर भारत नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। ब्रिटेन को पछाड़कर भारत दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया। आजादी के समय कुछ लोगों ने देश के अंदर अव्यवस्था पैदा की थी। इस बार आजादी की 75वीं वर्षगाठ मनाई जा रही है। इस दौरान भारत के हर घर में तिरंगा लहराता हुआ दिखाई दिया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री व सांसद डा. महेंद्रनाथ पांडेय, राज्यसभा सदस्य दर्शना सिंह, जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह, विधायक कैलाश खरवार, सुशील सिंह, रमेश जायसवाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह, चिकित्सा प्रकोष्ठ जिला संयोजक डॉक्टर केएन पांडे, सूर्यमुनि तिवारी, राणा प्रताप सिंह, जितेंद्र पांडे, हरिवंश उपाध्याय, जगत तिवारी, शिवराज सिंह आदि रहे।


Khabre Aaj Bhi

Reporter - Khabre Aaj Bhi

Who will win IPL 2023 ?