गायकवाड दंपत्ति के अथक प्रयास से आखिरकार वाशी के सागर विहार का सौंदर्यकरण शुरू

By: Khabre Aaj Bhi
Dec 26, 2021
253


By : सुरेन्द्र सरोज

नवी मुंबई : नवी मुंबई के नागरिकों के हेतु सैर-सपाटे के लिए वाशी सेक्टर- 8 पर बने जाने-माने सागर विहार के सौंदर्यकरण परियोजना का उदघाटन हाल ही में विधायक शशिकांत शिंदे के हाथों संपन्न हुआ। इस अवसर पर अन्य अतिथियों में सुभाष कुलकर्णी, शंकर नारायणन, श्रीमती अश्विनी बच्चा लवकर, जयश्री फेने तथा वाशी प्रभाग 64 के अन्य गणमान्य उपस्थित थे। उदघाटन समारोह को संबोधित करते हुए श्री शिंदे ने कहा कि कुछ ऐसे लोग होते हैं जो अपने कार्य व सेवा के जरिए समाज में अपना विशिष्ट  स्थान बना लेते हैं। गायकवाड दंपत्ति ने भी अपने कार्यों के बल पर प्रभाग के युवा ही नहीं बल्कि वरिष्ठ प्रबुद्ध लोगों को अपने साथ जोड़ लिया है। समारोह में सागर विहार के सौंदर्यकरण की जानकारी देते हुए प्रभाग क्रमांक 64 की पूर्व नगरसेविका दिव्या वैभव गायकवाड ने बताया कि सागर विहार परिसर पिछले 35 वर्षों से सौंदर्यकरण के लिए उपेक्षित था। इस जमीन को सिडको से नवी मुंबई महानगरपालिका को हस्तांतरण किए जाने में तकनीकी समस्या, बजट तथा कोविड के चलते काफी दिक्कत आ रही थी। आखिरकार दो सिडको प्रबंध निदेशक, मनपा आयुक्त अभिजीत बांगर के अलावा पांच अन्य आयुक्तों से लगातार संपर्क तथा अथक प्रयास करते हुए इस जमीन को मनपा के अधीन हस्तांतरण करवाया गया। श्रीमती गायकवाड़ ने बताया कि जमीन को मनपा के सुपुर्द किए जाने के बाद नागरिकों की रूचि के मद्देनजर मनपा ने भी इसके सुशोभितकरण के लिए नवी मुंबई के सुप्रसिद्ध वास्तुकार सोपान प्रभु को नियुक्त कर टेंडर प्रक्रिया पूरी करके कार्यादेश जारी किया। सागर विहार के इस सौंदर्यकरण के लिए मनपा द्वारा करीब डेढ़ करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। श्रीमती गायकवाड ने बताया कि नागरिकों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पूरा करते हुए हमने उनकी खुशी के लिए एक और सफल प्रयास किया है ।उन्होंने बताया कि कोविड लहर की बढ़ती चिंता की वजह से हमें इस आयोजन को संक्षिप्त रूप में करना पड़ा, जिसकी हमें निराशा है।


Khabre Aaj Bhi

Reporter - Khabre Aaj Bhi

Who will win IPL 2023 ?