
By : तुराब खान
गांव के बाहर मिला शव, पत्नी की तहरीर पर हत्या व एससी/एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज; एसपी के निर्देश पर गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई की

भभुआ (बिहार ) : कैमूर जिले के नुऑव थाना क्षेत्र में दोस्त से मिलने की बात कहकर घर से निकले युवक की हत्या कर शव गांव के बाहर फेंक देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए 48 घंटे के भीतर चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, अखिनी गांव निवासी रविन्द्र कुमार (पुत्र स्व. लक्ष्मण राम) तीन अगस्त की रात करीब 10 बजे दोस्त से मिलने की बात कहकर घर से निकले थे। इसके बाद वह घर नहीं लौटे। बुधवार सुबह अखिनी गांव के समीप उनका शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
मृतक की पत्नी के फर्दबयान पर नुऑव थाने में हत्या, एससी/एसटी एक्ट समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मोहनियां के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी और स्थानीय साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी करते हुए मामले में नामजद चार आरोपियों—नौसाद खां उर्फ सोनू खां, मारकण्डेय मल्लाह, अमित कुमार तथा चम्पा देवी उर्फ पिंकी देवी—को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर हत्या के पीछे की वजह और घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है, जबकि मामले की विवेचना जारी है।

