
By : धीरेंद्र बहादुर सिंह
सिद्धार्थनगर : पत्रकार एकता फोरम के बैनर तले रविवार, 4 अक्टूबर 2026 को विकास भवन, सिद्धार्थनगर में “मीडिया की समकालीन चुनौतियां” विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। दोपहर 12 बजे शुरू हुई गोष्ठी में जिलेभर से पत्रकारों ने प्रतिभाग कर पत्रकारिता के सामने आ रही चुनौतियों, पत्रकारों के हितों की रक्षा और संगठन की मजबूती पर विचार रखें।

कार्यक्रम के आयोजक वरिष्ठ पत्रकार मनोज कुमार रहे। मुख्य अतिथि प्रेस क्लब इंडिया के राष्ट्रीय पदाधिकारी अविनाश कुमार शुक्ला रहे, जबकि अध्यक्षता पत्रकार एकता फोरम के संस्थापक डॉ. तेजस यादव ने की। मंच संचालन वरिष्ठ पत्रकार रविन्द्र कुमार कश्यप ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं पत्रकार साथियों द्वारा मां शारदे के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद वक्ताओं ने पत्रकारिता की वर्तमान चुनौतियों और पत्रकारों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की।
सशक्त भारत न्यूज़18 के संपादक शैलेश कुमार राव ने कहा कि पत्रकार और पत्रकारिता दोनों ही कठिन दायित्व हैं। पत्रकार को बिना किसी भेदभाव के निर्भीक और निष्पक्ष होकर खबर करनी चाहिए। पत्रकार की कलम और कैमरा लोकतंत्र को मजबूत करने के साथ समाज की समस्याओं को सामने लाने वाली तीसरी आंख का काम करते हैं।
वरिष्ठ पत्रकार डॉ. जावेद कमाल ने पत्रकारों को कॉपी-पेस्ट की प्रवृत्ति से बचने और खोजी पत्रकारिता को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पत्रकार को सजग प्रहरी के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। पत्रकारों के बढ़ते उत्पीड़न पर चिंता जताते हुए उन्होंने संगठन को मजबूत और गतिशील बनाने तथा पत्रकारों की एकजुटता पर जोर दिया। उन्होंने अपनी कविताओं के माध्यम से पत्रकारों में उत्साह का संचार भी किया।
अपराध के अंत के संपादक एवं कार्यक्रम आयोजक मनोज कुमार ने कहा कि खबर करने से पहले पत्रकारों को पूरी सतर्कता बरतनी चाहिए। विशेष रूप से अत्यधिक विवादित मामलों में तथ्यों की जांच कर सावधानीपूर्वक पत्रकारिता करना आवश्यक है।
प्रेस क्लब जनपद सिद्धार्थनगर के जिलाध्यक्ष भारत कन्नौजिया सहित पत्रकारों ने अतिथियों का फूल-माला एवं बुके देकर स्वागत किया। भारत कन्नौजिया ने पत्रकारों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि कोई भी पत्रकार खुद को अकेला महसूस न करे। संगठन पत्रकारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा।
मुख्य अतिथि अविनाश कुमार शुक्ला ने कहा कि पत्रकारों का एकजुट होना समय की आवश्यकता है। अनेकता में एकता पर एकतामें ही मूल शक्ति है। उन्होंने पत्रकारों से सजग प्रहरी की तरह अपनी जिम्मेदारी निभाने और समाज के प्रति अपनी भूमिका को मजबूती से निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहें -डॉ. तेजस यादव ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ और समाज की तीसरी आंख हैं। किसी भी खबर को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसके प्रत्येक पहलू की तथ्यात्मक जांच-पड़ताल आवश्यक है, ताकि पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनी रहें।
इस दौरान मीडिया महाकुंभ-2026 के आयोजन, मीडिया कार्यशाला एवं पत्रकार सम्मान समारोह को लेकर भी चर्चा परिचर्चा की हुई। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार आगामी आयोजनों की तिथियों की घोषणा की जाएगी।
संगोष्ठी में वरिष्ठ पत्रकार मनोज पासवान, संतोष गोंड, नंदनी मौर्या जिला प्रवक्ता, डीएन शुक्ला, दीपू पासवान, सुशील खेतान, जवाहर लाल, राजकुमार वर्मा, उमेश प्रताप सिंह, श्याम नारायण सिंह, अहमद हुसैन, जय प्रकाश, धीरेंद्र बहादुर सिंह समेत जिले के बहुत से पत्रकारगण मौजूद रहें।

