नवी मुंबई : भारतीय संगीत जगत के बेताज बादशाह, सुरों के सरताज और करोड़ों संगीत प्रेमियों के दिलों पर राज करने वाले महान पार्श्वगायक मोहम्मद रफी की पुण्यतिथि के अवसर पर नवी मुंबई कराओके ग्रुप की ओर से भावभीनी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर रफी साहब के अमर गीतों की संगीतमय प्रस्तुति देकर उनको याद किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी संगीत प्रेमियों ने मोहम्मद रफी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनकी मधुर और भावपूर्ण आवाज़ आज भी हर पीढ़ी के श्रोताओं के दिलों में जीवित है। उनके गीत प्रेम, भक्ति, देशभक्ति और मानवीय संवेदनाओं का अद्भुत संगम हैं, जो हमेशा लोगों को प्रेरित करते रहेंगे।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार विनोद प्रधान , विनोद बाबर ने मोहम्मद रफी का लोकप्रिय गीत प्रस्तुत कर उन्हें अपनी संगीतमय श्रद्धांजलि अर्पित की। उनकी प्रस्तुति को उपस्थित श्रोताओं ने खूब सराहा और तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में कराओके ग्रुप के मेघनाथ भगत, रामप्रीत राय ,सुरेंद्र सरोज, अनिल कांगडा, दिनेश चव्हाण , अन्य सदस्यों ने भी रफी साहब के कई सदाबहार गीत प्रस्तुत किए। पूरे आयोजन के दौरान वातावरण पूरी तरह संगीतमय और भावुक बना रहा। उपस्थित संगीत प्रेमियों ने एक स्वर में कहा कि मोहम्मद रफी जैसे महान कलाकार सदियों में एक बार जन्म लेते हैं और उनका संगीत हमेशा अमर रहेगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने मोहम्मद रफी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके अमूल्य संगीत योगदान को नमन किया तथा उनके गीतों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।
