दोनों बदमाशों के पैर में लगी गोली, लूट के 90,620 रुपये, जेवर, पांच मोबाइल और दो तमंचे बरामद
गहमर (गाजीपुर) : गहमर थाना पुलिस ने रविवार को मुठभेड़ के दौरान अंतरजनपदीय शातिर लुटेरे और हिस्ट्रीशीटर समेत दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूट के 90,620 रुपये नकद, सोने का लॉकेट, पांच मोबाइल फोन, लाल रंग की चोरी की मोटरसाइकिल और दो अवैध तमंचे समेत कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार बदमाशों की पहचान सुधीर पासी उर्फ ध्रुव पासी (31) निवासी नोनरा, थाना मरदह और समीम शाह (36) निवासी मलेठी, थाना दुल्लहपुर, गाजीपुर के रूप में हुई है। सुधीर पासी थाना मरदह का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ गाजीपुर, मऊ समेत विभिन्न जिलों में चोरी, लूट, रंगदारी, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, 29 जुलाई को रेवतीपुर थाना क्षेत्र में बकरा खरीदने के बहाने एक व्यक्ति को ले जाकर उसके साथ मारपीट कर 60 हजार रुपये और सोने की चेन लूटने तथा गहमर थाना क्षेत्र में एक मैरिज हॉल संचालक से 20 हजार रुपये की रंगदारी मांगने की घटनाओं में भी दोनों की संलिप्तता सामने आई थी।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई: पुलिस टीम ने एक अगस्त की रात रेवतीपुर थाना सीमा के पास संदिग्ध बदमाशों को घेर लिया। पुलिस का दावा है कि बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में सुधीर पासी के दोनों पैरों और समीम शाह के दाहिने पैर में गोली लगी। दोनों को तत्काल अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने मौके से 303 और 315 बोर के दो तमंचे, तीन खोखे व दो जिंदा कारतूस, चोरी की लाल रंग की हंटर मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल फोन, पीली धातु का लॉकेट और 90,620 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस का दावा है कि बरामद सामान गाजीपुर समेत सुल्तानपुर, आजमगढ़ और लखनऊ के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई चोरी व लूट की घटनाओं से संबंधित है। मामले में गहमर थाने में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
