
दिलदारनगर पुलिस की कार्रवाई, चोरी और आर्म्स एक्ट के मुकदमों में वांछित दो अन्य आरोपियों की भी तलाश
दिलदारनगर (गाजीपुर) : दिलदारनगर पुलिस ने बुधवार की रात दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तमंचा, कारतूस और तीन दोपहिया वाहन बरामद किए। पकड़े गए आरोपियों की पहचान खजुरी गांव निवासी हसन खान उर्फ भुट्टी और बिहार के कैमूर जिले के कारीराम निवासी गोलू कुमार के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, हसन के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। मामले में दो अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, 14 अक्तूबर की रात उपनिरीक्षक राजेश कुमार सिंह की टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, कारतूस और तीन दोपहिया वाहन बरामद हुए। बरामद वाहनों में हीरो सुपर स्प्लेंडर, टीवीएस अपाचे और टीवीएस एक्सेल शामिल हैं।
इस मामले में आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, हसन खान के खिलाफ दिलदारनगर थाने में पहले से मारपीट, धमकी, आर्म्स एक्ट और चोरी से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। मामले में खजुरी निवासी कल्लू और बिहार निवासी भोलू कुमार के नाम भी शामिल हैं। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।

