
भांवरकोल के जसदेवपुर मोड़ पर वारदात से सनसनी, हिस्ट्रीशीटर सगे भाइयों पर आरोप • पुलिस की तीन टीमें तलाश में जुटीं
गाजीपुर : भांवरकोल थाना क्षेत्र में गुरुवार को बेखौफ हमलावरों ने दो युवकों को गोली मार दी। एक युवक के सीने और दूसरे के पैर में गोली लगी है। दोनों को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। वारदात के पीछे क्रिकेट खेलने के दौरान हुआ विवाद बताया जा रहा है। हमले का आरोप गांव के ही हिस्ट्रीशीटर सगे भाइयों पर लगा है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस की तीन टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।

जानकारी के अनुसार, सुखडेहरा गांव निवासी राघवेश और पंकज क्रिकेट खेलकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान जसदेवपुर मोड़ के पास गांव के ही सर्वेश और आशुतोष ने कथित तौर पर दोनों पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों युवक घायल होकर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। घायल युवकों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं। दोनों आरोपी सगे भाई बताए जा रहे हैं और स्थानीय थाने के हिस्ट्रीशीटर हैं। पुलिस मामले की जांच के साथ ही फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने भी जिला अस्पताल जाकर घायलों का हाल जाना और डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। एसपी ने मीडिया को बताया कि पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

