
हरिकरनपुर गांव में महिलाओं को देखकर कर रहा था अभद्र टिप्पणी, मिशन शक्ति अभियान के तहत गहमर पुलिस ने की कार्रवाई
गाजीपुर : महिलाओं को देखकर अश्लील फब्तियां कसने और अभद्र टिप्पणियां करने के आरोप में गहमर पुलिस ने गुरुवार को एक युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी की हरकतों से महिलाओं और स्थानीय लोगों में असहजता का माहौल था। मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, 15 अक्टूबर को उपनिरीक्षक इंदु कुमार तिवारी हमराहियों के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हरिकरनपुर गांव में एक युवक आने-जाने वाली महिलाओं पर अश्लील टिप्पणियां कर रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने मौके पर युवक को महिलाओं के प्रति अभद्र टिप्पणी करते हुए पाया और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान कृष्णा कुमार (19) पुत्र बीर बहादुर बिंद, निवासी बारा कारोबिर रोईनी, थाना गहमर, गाजीपुर के रूप में हुई। पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 222/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 में अभियोग दर्ज किया है। पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।

