
लता मंगेशकर के अमर गीतों और देशभक्ति प्रस्तुतियों ने मानस भवन में जगाई भावनाओं की लहर
जबलपुर (मध्यप्रदेश) : स्वर कोकिला एवं भारत रत्न लता मंगेशकर की जयंती तथा शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के अवसर पर सुर साधक समर्पण ग्रुप, जबलपुर द्वारा मानस भवन में आयोजित भव्य संगीतमय कार्यक्रम ‘लता आराधना’ भावपूर्ण, देशभक्ति से ओतप्रोत और यादगार रहा।

कार्यक्रम में लता मंगेशकर के सदाबहार गीतों के साथ देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार को सुरों और भावनाओं से भर दिया। कई प्रस्तुतियों के दौरान श्रोता भाव-विभोर नजर आए, जबकि देशभक्ति गीतों ने उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और प्रबल किया। लता मंगेशकर के अमर गीतों के माध्यम से उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई, वहीं शहीद-ए-आजम भगत सिंह की स्मृति को देशभक्ति गीतों के माध्यम से नमन किया गया।
इशिता विश्वकर्मा सहित कलाकारों ने बांधा समां
लाइव संगीतमय संध्या में सा-रे-गा-मा-पा विजेता एवं प्रसिद्ध पार्श्व गायिका इशिता विश्वकर्मा ने अपनी मधुर आवाज से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके साथ तेजल विश्वकर्मा, श्रेया खरे देसाई, जिया प्रथवानी नोतनानी, नायरा दुबे, रवि शुक्ला, रमेशपुरी गोस्वामी, भूपेन्द्र सिंह, सैमसंग जैकब, संगीता उपाध्याय, संध्या पाटकर, विनीता पैंगवार, डॉ. अनिल कोरी एवं राजा बेंज सहित अन्य कलाकारों ने भी शानदार प्रस्तुतियां दीं।
सात वर्षीय नायरा दुबे ने जीता दिल
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण 7 वर्षीय नायरा दुबे रहीं। नायरा ने अपनी मासूम, सुरीली और भावपूर्ण आवाज में लता मंगेशकर के लोकप्रिय गीत प्रस्तुत कर उपस्थित श्रोताओं का दिल जीत लिया। इतनी कम उम्र में जिस आत्मविश्वास और भाव के साथ उन्होंने लता जी के गीत प्रस्तुत किए, उसकी दर्शकों ने जमकर सराहना की। उनकी प्रस्तुति के दौरान पूरा सभागार तालियों की गूंज से गूंज उठा।
देशभक्ति गीतों ने बढ़ाया भावनात्मक रंग
कार्यक्रम में प्रस्तुत देशभक्ति गीतों ने माहौल को भावनात्मक बना दिया। भगत सिंह के बलिदान को याद करते हुए प्रस्तुत गीतों ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। वहीं लता मंगेशकर के सदाबहार गीतों ने उनकी अमर गायकी की यादों को एक बार फिर जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम में संगीत ‘सुनहरे पल म्यूजिक बैंड’ द्वारा दिया गया। म्यूजिशियन संजीत बिरहा, पंकज बिरहा, प्रमोद बिरहा एवं महेंद्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मंच संचालन अमित परनामी एवं श्रेया खंडेलवाल ने प्रभावी एवं आकर्षक अंदाज में किया।
महापौर सहित गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’, कार्यक्रम अध्यक्ष एवं नगर निगम अध्यक्ष रिंकुज विज तथा विशिष्ट अतिथि पूर्व एमआईसी सदस्य एवं पार्षद कमलेश अग्रवाल उपस्थित रहे। अतिथियों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए आयोजन की प्रशंसा की।
आयोजक तुलसी नारायण राय ने कहा कि ‘लता आराधना’ का उद्देश्य स्वर कोकिला लता मंगेशकर की अमर संगीत विरासत को याद करते हुए उन्हें सुरों के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित करना और शहीद-ए-आजम भगत सिंह के देश के प्रति अमूल्य योगदान को नमन करना था। उन्होंने कहा कि श्रोताओं से मिले उत्साह, स्नेह और सराहना ने आयोजन को विशेष बना दिया।
कलाकारों का किया गया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय प्रबंधक अविनाश कुमार, उप क्षेत्रीय प्रबंधक विवेक कुमार एवं मुख्य प्रबंधक शशांक मिश्रा ने कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों को सम्मानित किया। बैंक अधिकारियों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं श्रोताओं ने कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए आयोजन की सफलता के लिए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं। यह जानकारी कनफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के उपाध्यक्ष सुरेशभाई ठक्कर ने दी।

