
गाजीपुर : खानपुर थाना क्षेत्र में दहेज की मांग को लेकर 21 वर्षीय विवाहिता मोनिका की गला दबाकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी अरविंद राजभर (28) को बिहारीगंज डगरा रेलवे क्रॉसिंग के पास से पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर को मोनिका की दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ना और गला दबाकर हत्या किए जाने के आरोप में तहरीर मिली थी। इसके आधार पर खानपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 296/2026 के तहत धारा 85, 80(2) बीएनएस और 3/4 डीपी एक्ट में केस दर्ज किया गया था। मामले में आरोपी अरविंद राजभर पुत्र सुरेंद्र राजभर, निवासी टड़वां, थाना खानपुर वांछित चल रहा था।
सोमवार को थानाध्यक्ष रोहित कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सूचना के आधार पर आरोपी को रेलवे क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


