


सेवराई (गाज़ीपुर) : तहसील क्षेत्र के दिलदारनगर थाना अंतर्गत उसियां गांव के बाजार मोहल्ले में बीती रात बेखौफ चोरों ने एक किराना व जनरल स्टोर को अपना निशाना बनाया। चोर दुकान के बाहर लगा सिकड़ी काटकर अंदर घुसे और गल्ले में रखी हजारों की नकदी व चांदी का पायल समेत भारी मात्रा में कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाजार मोहल्ला निवासी सुमित जायसवाल पुत्र वीरेंद्र जायसवाल की गांव में ही किराना और जनरल स्टोर की दुकान है। गुरुवार की रात वह रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। देर रात अज्ञात चोरों ने दुकान के मुख्य दरवाजे पर लगी सिकड़ी को काटकर अंदर प्रवेश किया और बिक्री के हजारों रुपये व कीमती सामान व चांदी का पायल चोरी कर लिया।
सुबह दुकान खोलने पहुंचे व्यापारी के उड़े होश
शुक्रवार की सुबह जब पीड़ित सुमित जायसवाल दुकान खोलने पहुंचे, तो सिकड़ी कटी देख उनके होश उड़ गए। अंदर जाने पर गल्ला टूटा पड़ा था और सामान बिखरा हुआ था। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना दिलदारनगर थाना पुलिस को दी।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल
पीड़ित दुकानदार सुमित ने बताया कि इलाके में इस तरह की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी पास की एक दुकान को चोरों ने निशाना बनाया था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस की सुस्त गश्त व्यवस्था के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। आए दिन हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में भय का माहौल है।
सूचना मिलने पर पहुंची दिलदारनगर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरी की इस वारदात का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

