
जौनपुर : मा० प्रधानमंत्री जी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने तथा प्रत्येक नागरिक को विकसित भारत-2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से शासन के निर्देशानुसार 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया जा रहा है।
इसी अभियान के अंतर्गत जिला चिकित्सालय, जौनपुर में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारम्भ मा. राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार श्री गिरीश चन्द्र यादव जी, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद जौनपुर श्रीमती मनोरमा मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति जिलाधिकारी श्री सैमुअल पाल एन. के कर-कमलों द्वारा फीता काटकर किया गया।

इस अवसर पर मा० राज्यमंत्री जी ने कहा कि रक्तदान महादान है, इससे बड़ा कोई दान नहीं है। रक्त का कोई विकल्प नहीं है, यह केवल मानव शरीर से ही प्राप्त हो सकता है। रक्तदान करने से कई जिंदगियों को बचाया जा सकता है। इसलिए सभी स्वस्थ युवाओं और जनपदवासियों को आगे आकर रक्तदान करना चाहिए।
उन्होंने मा० प्रधानमंत्री जी के 25 वर्षों के सेवाकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश ने गरीब कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं, मा. मंत्री जी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे सेवा संकल्प अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर इस पुनीत कार्य के भागीदार बनें।
मा. राज्यमंत्री जी के द्वारा रक्तदान करने वाले युवाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया। तत्पश्चात जिला चिकित्सालय में भर्ती मरीजों को फल वितरण किया गया तथा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई।
इस अवसर पर मा0 जनप्रतिनिधिगण, चिकित्सा अधीक्षक डा0 संजय कुमार कन्नौजिया, प्रभारी ब्लड बैंक डा सैफ खान, चिकित्सकगण, स्वास्थ्य कर्मी एवं बड़ी संख्या रक्तदाता उपस्थित रहे।

