दीपावली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

By: Vivek kumar singh
Oct 21, 2025
12

सेवराई /गाजीपुर : तहसील क्षेत्र में सोमवार को दीपावली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सूर्यास्त के बाद लोगों के घर दीयों की रोशनी से जगमगा उठे। बच्चों ने फुलझड़ी और पटाखे फोड़कर खुशी मनाई, वहीं बड़ों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। लोगो के द्वारा सुबह से ही एक दूसरे को बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया था।

इस वर्ष दीपावली को लेकर लोगों में विशेष उत्साह देखा गया। पर्व से एक सप्ताह पहले ही घरों की रंगाई-पुताई और साफ-सफाई करने का सिलसिला शुरू हो गया था। सोमवार को विधि-विधान से धन्य धान्य की देवी माता लक्ष्मी और प्रथम पूज्य भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की गई। महिलाओं ने दरवाजों पर रंगोली बनाकर पर्व में रंगों का समावेश किया।

शाम होते ही लोगों ने घरों में दीपक और मोमबत्तियां लगाना शुरू कर दिया। जैसे ही सूर्य अस्त हुआ, दीयों की टिमटिमाती रोशनी से पूरा क्षेत्र रोशन हो उठा। कई लोगों ने पारंपरिक दीयों के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक झालरों और रंग-बिरंगे बल्बों से भी घरों को आकर्षक ढंग से सजाया था। लोगों के द्वारा घरों और अपने-अपने प्रतिष्ठानों में दिए की सजावट करने के साथ ही विधि विधान से लक्ष्मी गणेश की पूजा अर्चना भी की गई पूजन के बाद प्रसाद का वितरण भी किया गया।

सेवराई क्षेत्र में बच्चों ने फुलझड़ी, चरखा और पटाखे फोड़कर अपनी खुशी का इजहार किया। रात करीब दस बजे तक पटाखों का सिलसिला जारी रहा। देर शाम तक मिठाई और पटाखों की दुकानों पर भारी भीड़ देखी गई।


Vivek kumar singh

Reporter - Khabre Aaj Bhi

Who will win IPL 2023 ?