
मुगलसराय (चंदौली ) : जायसवाल स्कूल के समीप स्थित रेस्टोरेंट में हुई मारपीट और व्यापारियों को धमकाने के चर्चित मामले में पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ चलाए गए विशेष अभियान के दौरान कई स्थानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी गई, जिससे आरोपियों और उनके समर्थकों में हड़कंप मच गया।पुलिस सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान जायसवाल स्कूल के पास स्थित एक मकान से एक आरोपी को हिरासत में लिया गया। उससे मामले के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। वहीं अन्य नामजद और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।
इस अभियान में मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के सभी चौकी प्रभारी मौजूद रहे, जबकि अलीनगर पुलिस ने भी पूरी सक्रियता के साथ कार्रवाई में सहयोग किया। पुलिस की मौजूदगी और सख्त रुख ने पूरे इलाके में कानून का संदेश दिया।
जानकारी के मुताबिक, मारपीट की घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में आक्रोश और असुरक्षा की भावना बढ़ गई थी। आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्व गैंग बनाकर व्यापारियों को धमकाने और दबाव बनाने का प्रयास कर रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अब ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त अभियान छेड़ दिया है।
पुलिस की इस कार्रवाई से जहां अपराधी वर्ग में भय का माहौल देखा जा रहा है, वहीं व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने राहत की सांस ली है। लोगों का कहना है कि पुलिस की सक्रियता से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर भरोसा मजबूत हुआ है।
थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने संकेत दिए हैं कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तक अभियान जारी रहेगा और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि गुंडागर्दी, दबंगई और व्यापारियों के उत्पीड़न जैसी घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


