
सादात के सेमरौल चट्टी से पुलिस ने दबोचा, .32 बोर की पिस्टल और दो कारतूस बरामद
सादात ( गाजीपुर) : पूर्व के विवाद को लेकर युवक के साथ मारपीट करने और पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने के मामले में सादात पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से .32 बोर की एक पिस्टल और दो कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 31 अक्तूबर को निखिल मिश्रा पुत्र धर्मवीर मिश्रा के साथ पूर्व विवाद को लेकर कुछ लोगों ने मारपीट की थी। इस दौरान पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। पीड़ित की सूचना पर सादात थाने में मारपीट और धमकी देने की धाराओं में मुकदमा संख्या 223/2026 दर्ज किया गया था।
मामले में कार्रवाई करते हुए सादात पुलिस ने रविवार को सेमरौल चट्टी से आरोपी कृषान्त यादव उर्फ नान्हू यादव (20) निवासी सेमरौल को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से .32 बोर की पिस्टल और दो कारतूस मिले। इसके बाद पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा संख्या 224/2026 भी दर्ज किया। गिरफ्तार आरोपी को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया।

