
जौनपुर : नगर पंचायत जफराबाद के वार्ड काजी अहमदनगर, नूर नाव घाट निवासी मुकेश कुमार निषाद (24) पुत्र विजय कुमार निषाद नागपुर के कॉटन मार्केट में एक निजी कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करता था। परिजनों के मुताबिक, 30 अक्टूबर को सुबह करीब 11 बजे निर्माण स्थल पर टावर क्रेन की ऊंचाई बढ़ाने के दौरान दूसरी क्रेन का ऊपरी हिस्सा टूटकर गिर गया। हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई, जिनमें मुकेश भी शामिल था।
नागपुर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद 31 अक्टूबर को परिजनों को सौंप दिया। रविवार सुबह करीब 10 बजे एंबुलेंस से शव जफराबाद पहुंचा। मुकेश दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था और परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था। उसकी मां सरोजा देवी और पिता विजय कुमार निषाद का रो-रोकर बुरा हाल है। रविवार दोपहर गोमती नदी किनारे जफराबाद घाट पर उसका अंतिम संस्कार किया गया।


