
जौनपुर। जिस घर में बेटी की शादी को लेकर खुशियों का माहौल था, जहां कुछ ही देर में मंगलगीत गूंजने और वर-वधू को आशीर्वाद देने की तैयारी चल रही थी, वहां अचानक ऐसा हादसा हुआ कि खुशियां पलभर में चीख-पुकार और मातम में बदल गईं। बारात के स्वागत और द्वारचार की रस्म से ठीक पहले अनियंत्रित हुए डीजे रथ ने आगे चल रहे दो मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया। रथ के नीचे दबकर दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई दर्दनाक हादसा बक्शा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर मड़ैया गांव में शुक्रवार की रात हुआ। जानकारी के अनुसार गांव निवासी राम अवध यादव की बेटी की शादी थी। बारात बदलापुर थाना क्षेत्र के देवरिया लेदुका गांव से आई थी। बारातियों के जलपान के बाद रात करीब 10 बजे द्वारचार की तैयारियां चल रही थीं। दूल्हा डीजे रथ पर सवार होकर आगे बढ़ रहा था और उसके आगे मजदूरों की टोली रोड लाइट की छतरी लेकर धीरे-धीरे चल रही थी।
बताया जाता है कि नौपेड़वा बाजार के उत्तर राष्ट्रीय राजमार्ग से नीचे गांव की ओर उतरते समय डीजे रथ ढलान पर था। इसी दौरान चालक ने कथित रूप से ब्रेक की जगह एक्सीलेटर पर पैर रख दिया। देखते ही देखते रथ की रफ्तार बढ़ गई और चालक उस पर नियंत्रण नहीं रख सका। रथ के आगे चल रहे मजदूरों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। अचानक आए इस संकट में गोरियापुर गांव निवासी 65 वर्षीय मुसाफिर और 55 वर्षीय शिवाकांत गौतम रथ की चपेट में आकर उसके नीचे दब गए।

हादसा इतना अचानक और भयावह था कि मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही दोनों मजदूर गंभीर रूप से कुचल चुके थे। शादी की खुशियों में शामिल लोग चीखते-चिल्लाते हुए घटनास्थल की ओर दौड़े। किसी ने रथ को रोकने की कोशिश की तो कोई घायलों को बचाने के लिए आगे आया। आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को नौपेड़वा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
इस हादसे में एक छोटे बालक को बचाने के प्रयास के दौरान दूल्हे की आंख के पास भी मामूली चोट आई। घटना के बाद शादी समारोह में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। जिस बारात में कुछ देर पहले तक रोशनी, संगीत और उत्साह का माहौल था, वहां अचानक चीख-पुकार सुनाई देने लगी। दोनों मजदूरों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में कोहराम मच गया। किसी ने शायद सोचा भी नहीं होगा कि रोजी-रोटी के लिए शादी समारोह में काम करने निकले दोनों मजदूर रात को अपने घर वापस नहीं लौट पाएंगे।
गोरियापुर निवासी मुसाफिर की उम्र करीब 65 वर्ष थी, जबकि शिवाकांत गौतम 55 वर्ष के थे। दोनों शादी समारोह में रोड लाइट की छतरी लेकर चलने का काम कर रहे थे घटना के बाद डीजे रथ का चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही बक्शा थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर रात में ही मर्चरी भेज दिया। थानाध्यक्ष के अनुसार मृतक शिवाकांत के बेटे मंदीप कुमार की तहरीर पर अज्ञात डीजे रथ चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डीजे रथ को कब्जे में ले लिया है। साथ ही रथ के पंजीकरण संबंधी जानकारी जुटाई जा रही है।

