
जौनपुर : यातायात नियमों के प्रति आमजनमानस को जागरूक करने तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से मनाए जा रहे ‘सड़क सुरक्षा पखवाड़ा’ के अंतर्गत होली चाइल्ड स्कूल में परिवहन एवं यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
उक्त कार्यक्रम में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सत्येन्द्र कुमार सिंह द्वारा उपस्थित छात्र/छात्राओं को सम्बोधित करते हुए कहा गया कि खतरनाक तरीके से वाहन न चलाने, निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन न चलाने, बिना हेलमेट के दो चक्का वाहन न चलाने एवं बिना सीटबेल्ट लगाये चार पहिया वाहन न चलाये जाने हेतु अपील की गयी एवं जनपद के समस्त स्कूल प्रबन्धको को निर्देशित किया गया कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनपद में संचालित समस्त स्कूली बसों एवं वैन की फिटनेस, परमिट, बीमा, फर्स्ट-एड बॉक्स एवं अन्य सुरक्षा मानकों को पूर्ण करने के उपरान्त ही वाहन संचालन करें। सभी वाहन चालकों एवं स्कूल प्रबंधनों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों एवं निर्धारित सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से क्षेत्राधिकारी यातायात सुनील चन्द्र तिवारी, यात्री/मालकर अधिकारी प्रमोद कुमार, संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) अशोक कुमार यादव, यातायात निरीक्षक मनोज कुमार पाण्डेय सहित यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग के समस्त अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

