
मीरनपुर सक्का तिराहे पर पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा, तीन पिस्टल और एक तमंचा बरामद
गाजीपुर। लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में जुटे चार युवकों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से तीन .32 बोर पिस्टल, तीन कारतूस और एक .315 बोर तमंचा व एक कारतूस बरामद हुआ है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मीरनपुर सक्का तिराहे के पास घेराबंदी कर चारों को दबोच लिया। पुलिस की कार्रवाई से लूट की वारदात की साजिश नाकाम होने का दावा किया गया है।

पुलिस के अनुसार, अपराधियों और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक लूटपाट की घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मीरनपुर सक्का तिराहे के पास घेराबंदी की। इस दौरान चार संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी में उनके कब्जे से तीन .32 बोर पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और एक .315 बोर देशी तमंचा व एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जैतपुरा निवासी पिंटू कुमार बिंद (26), अमन चौधरी (22), उसरा जैतपुरा निवासी राहुल यादव (25) और इमली महुआ निवासी कमलेश यादव (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने चारों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक दिनेश कुमार पाठक, उपनिरीक्षक शिवमणि त्रिपाठी और हमराह पुलिसकर्मी शामिल रहे।

