
सेवराई(गाजीपुर) । शासन के निर्देश के बाद भी सेवराई तहसील क्षेत्र के दिलदारनगर में धान क्रय केंद्र नहीं खुला है, जिससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शासनादेश के अनुसार 1 नवंबर से ही जिले में धान क्रय केंद्र खोले जाने थे, लेकिन दिलदारनगर में अब तक केंद्र शुरू नहीं हो सका है।
किसानों का कहना है कि धान की कटाई हो रही है और फसल खेतों व घरों में पड़ी है। क्रय केंद्र न खुलने से उन्हें मजबूरन वापस लौटना पड़ रहा है। उन्होंने कहाकि केंद्र पर किसी कर्मचारी अधिकारी के न रहने से किसानों को किसी भी जानकारी के लिए भटकना पड़ता है। इससे किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इस मामले को लेकर किसान नेता भानु प्रताप सिंह ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि शासन के स्पष्ट निर्देश के बाद भी विभागीय लापरवाही के कारण केंद्र नहीं खोला गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जानबूझकर केंद्र खोलने में देरी की जा रही है, जबकि केंद्र पर कोई बैनर पोस्टर भी नही लगा है। वहा एक वर्ष पुराना पोस्टर लगा है। जिससे किसानों में असमंजस की स्थिति बना हुआ है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों पर किसानों को प्रताणित करने का आरोप लगाया ताकि बिचौलिए किसानों का शोषण कर सकें।
भानु प्रताप सिंह ने प्रशासन से तत्काल दिलदारनगर में धान क्रय केंद्र शुरू कराने और किसानों से समर्थन मूल्य पर धान की खरीद सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द केंद्र नहीं खोला गया तो किसान आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस सम्बंध में एसडीएम सेवराई गजराज सिंह यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच कर आवश्यक कार्यवाई की जाएगी।

