
रिजवान अंसारी, गाज़ीपुर
भोजपुरी कलाकारों ने भक्ति गीतों से बांधा समां, विशाल भंडारे में उमड़े श्रद्धालु; 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर आनंद राय मुन्ना की सक्रियता भी चर्चा में

भांवरकोल (गाजीपुर)। ब्लॉक मुख्यालय परिसर में नवनिर्मित रामेश्वरम मंदिर का प्रथम वार्षिक स्थापना दिवस गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। इसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख श्रद्धा राय एवं भाजपा नेता तथा ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि आनंद राय उर्फ मुन्ना ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत भोजपुरी गायक गोलू राजा ने देवी वंदना से की। इसके बाद उन्होंने एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। भोजपुरी गायिकाओं करीना पांडेय, सविता पांडेय एवं अनुपमा यादव ने भी अपनी सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियों से माहौल भक्तिमय बना दिया। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर श्रोता देर शाम तक झूमते रहे।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख श्रद्धा राय ने भोजपुरी कलाकारों एवं जनप्रतिनिधियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।
उल्लेखनीय है कि ब्लॉक मुख्यालय परिसर में तीन सटे हुए मंदिरों का निर्माण कराया गया है, जिनमें भगवान शिव, हनुमान जी तथा राधा-कृष्ण की प्रतिमाएं स्थापित हैं। इसी परिसर में स्वर्गीय विधायक कृष्णानंद राय की प्रतिमा भी स्थापित की गई है। एक ही परिसर में तीन मंदिरों के निर्माण से क्षेत्र के श्रद्धालुओं को एक स्थान पर दर्शन-पूजन की सुविधा मिल रही है। इस पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
वहीं, राजनीतिक दृष्टिकोण से भी कार्यक्रम चर्चा में रहा। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि एवं भाजपा नेता आनंद राय उर्फ मुन्ना की वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में मोहम्मदाबाद सीट से भाजपा की दावेदारी को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं तेज हैं। वह क्षेत्र में अपनी सक्रियता बढ़ा रहे हैं। हालांकि भाजपा की ओर से उनकी उम्मीदवारी को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ को उनकी क्षेत्रीय सक्रियता और जनसंपर्क के लिहाज से भी देखा जा रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख श्रद्धा राय ने की, जबकि संचालन सतीश राय ने किया। इस अवसर पर बक्सर की ब्लॉक प्रमुख सुनीता राय, अवधेश राय, अभिजीत राय उर्फ राहुल, घूरा सिंह, शशांक शेखर राय, श्याम राज तिवारी, राजेश मिश्रा, नीरज राय, गोलू राय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा।

