
गाजीपुर : शासन के निर्देशानुसार संचालित श्मिशन शक्तिश् अभियान के अंतर्गत जनपद गाज़ीपुर में बालिकाओं के सशक्तिकरण, आत्मविश्वास संवर्धन एवं नेतृत्व क्षमता के विकास के उद्देश्य से एक प्रेरणादायी पहल का आयोजन किया गया। इस क्रम में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं जनपद के अन्य परिषदीय विद्यालयों की मेधावी छात्राओं ने प्रतीकात्मक रूप से एक दिन के लिए विभिन्न प्रशासनिक पदों पर कार्यभार ग्रहण किया। प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहनरू चयनित छात्राओं ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी एवं अन्य उत्तरदायी पदों पर बैठकर कार्यालय की दैनिक प्रशासनिक कार्यप्रणाली को समझा। एक दिन की बाल अधिकारी के रूप में छात्राओं ने विभागीय पत्रावलियों का अवलोकन किया, मध्याह्न भोजन, निपुण भारत मिशन तथा बालिका शिक्षा से संबंधित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गाज़ीपुर द्वारा प्रतीकात्मक रूप से पदभार ग्रहण करने वाली छात्राओं का स्वागत व उत्साहवर्धन किया गया। उन्होंने बालिकाओं को प्रशासनिक तंत्र के कामकाज, निर्णय लेने की प्रक्रिया एवं समाज निर्माण में प्रशासनिक सेवाओं की भूमिका से अवगत कराया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं में झिझक समाप्त कर नेतृत्व क्षमता का विकास करना है, जिससे वे भविष्य में बड़े लक्ष्यों को निर्धारित कर प्रशासनिक व अन्य उच्च क्षेत्रों में अपना परचम लहरा सकें। इस अवसर पर संबंधित विद्यालयों की वार्डन, शिक्षकगण एवं विभागीय अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।


