
गाजीपुर में बिक्री के लिए लाए थे शराब, विशेश्वरगंज तिराहे के पास पुलिस ने पकड़ा
गाजीपुर : शहर में हरियाणा मार्का शराब की अवैध बिक्री के लिए लाए गए 48 बोतलों के जखीरे के साथ कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान महुआबाग स्थित तिलकनगर कॉलोनी निवासी गणेश कुमार मिश्रा उर्फ अंकुर (29) और रौजा स्थित जलनिगम रोड निवासी आनंद मिश्रा (32) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी 750 एमएल की कुल 48 बोतल शराब शहर में बेचने के लिए लाए थे।

पुलिस के मुताबिक, आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज मुकदमे में वांछित दोनों आरोपियों को विशेश्वरगंज तिराहे के पास से गिरफ्तार किया गया। मामले में थाना कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 770/2026 धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शिवाकांत मिश्रा और हमराह पुलिसकर्मी शामिल रहे।

