
400 बोरियों में रखा काजू नष्ट, करीब दो करोड़ रुपये के काजू समेत प्लांट को करोड़ों का नुकसान
गाजीपुर : नोनहरा थाना क्षेत्र के थनईपुर गांव स्थित आदि शिव काजू एक्सपोर्ट प्लांट में सोमवार रात करीब 10 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर प्लांट में रखा करीब 32 टन आरसीएन (काजू का कच्चा फल) जलकर राख हो गया। प्लांट संचालक के अनुसार करीब 400 बोरियों में रखा काजू नष्ट हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये है। प्लांट को भी करोड़ों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
प्लांट संचालक अविनाश सिंह ने बताया कि रात करीब 10:40 बजे प्लांट के पास रहने वाले संतोष ने फोन कर आग लगने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही उन्होंने पावर हाउस को फोन कर बिजली आपूर्ति बंद कराई और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। करीब 40 मिनट बाद दमकल टीम मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। अविनाश सिंह के मुताबिक प्लांट में काजू सुखाने के लिए तीन बड़ी ड्रायर मशीनें लगी हैं, जिन्हें करीब आठ घंटे लगातार चलाने के लिए सेट किया जाता है। उनका कहना है कि बिजली कटौती के कारण मशीनें बंद थीं। रात करीब 10 बजे बिजली आने के बाद तीनों मशीनें एक साथ चालू हुईं। इसी दौरान अधिक लोड पड़ने से शॉर्ट सर्किट होने की आशंका है, जिसके बाद आग भड़क गई। आग लगने पर ग्रामीणों ने भी बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें तेज होने के कारण सफल नहीं हो सके। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।


