
सीवर पाइपलाइन में लीकेज की आशंका, सड़क के बीचों-बीच बना करीब 10 फीट गहरा गड्ढा , समय रहते ब्रेक लगाने से टला बड़ा हादसा
गाजीपुर : शहर के मिश्रबाजार-महुआबाग मार्ग पर मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे अचानक सड़क धंसने से अफरा-तफरी मच गई। सड़क के बीचों-बीच करीब 10 फीट गहरा गड्ढा बन गया। जिस समय सड़क धंसी, उसी दौरान दो चारपहिया वाहन और एक टोटो वहां से गुजर रहे थे। खतरा देखते ही चालकों ने तत्काल ब्रेक लगा दिए। समय रहते वाहन रुक जाने से बड़ा हादसा टल गया।
सड़क धंसने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल बैरिकेडिंग कर रास्ते को सुरक्षित किया। इससे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों को गड्ढे में गिरने से बचाया जा सका। सभासद और स्थानीय लोगों ने नगर पालिका के ईओ समेत संबंधित अधिकारियों को घटना की जानकारी दी।
कपूरपुर के सभासद शाबान अली ने बताया कि सड़क के नीचे से सीवर की पाइपलाइन गुजर रही है। आशंका है कि पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण पानी लगातार जमीन के भीतर रिसता रहा, जिससे आसपास की मिट्टी धीरे-धीरे बहती चली गई। इससे सड़क के नीचे की जमीन खोखली हो गई और दबाव पड़ने पर मंगलवार को सड़क अचानक धंस गई। हालांकि पाइपलाइन में लीकेज की अभी जांच होना बाकी है। स्थानीय दुकानदार आदिल ने बताया कि सड़क धंसने के समय एक तरफ से टोटो और दूसरी ओर से चारपहिया वाहन आ रहे थे। दोनों वाहन गड्ढे के काफी करीब पहुंच चुके थे। सड़क धंसते ही चालकों ने ब्रेक लगा दिए। थोड़ी सी भी देरी होती तो वाहन गड्ढे में गिर सकते थे। स्थानीय लोगों ने जलनिगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि शहर में सीवर पाइपलाइन बिछाने के बाद कई स्थानों पर सड़कें धंस रही हैं। उनका आरोप है कि पाइपलाइन डालने के बाद मिट्टी की भराई और सड़क की मरम्मत में मानकों का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा गया। लोगों ने धंसी सड़क की तत्काल मरम्मत कराने के साथ सीवर कार्य के बाद क्षतिग्रस्त अन्य सड़कों की भी जांच और गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण की मांग की है।


