
प्रमुख बाजारों, चौक और प्रवेश मार्गों पर यातायात व्यवस्था मजबूत करने की मांग
पनवेल : गणेशोत्सव के मद्देनजर पनवेल महानगरपालिका क्षेत्र की प्रमुख बाजारपेठों में गणेश प्रतिमाओं, सजावटी सामग्री एवं पूजा-सामग्री की खरीदारी के लिए नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। पनवेल के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में गणेशभक्त बाजारों में पहुंच रहे हैं। ऐसे में प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों में यातायात जाम की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका को देखते हुए पनवेल महानगरपालिका के पूर्व विपक्षी नेता तथा जे. एम. म्हात्रे चैरिटेबल संस्था के अध्यक्ष प्रितम जनार्दन म्हात्रे ने यातायात पुलिस प्रशासन से तत्काल आवश्यक उपाययोजना करने की मांग की है।

इस संबंध में उन्होंने वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक, यातायात शाखा, पनवेल को पत्र भेजकर प्रमुख बाजारपेठों, चौक एवं प्रवेश मार्गों पर अतिरिक्त यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती करने की मांग की है।
पत्र में अनधिकृत पार्किंग पर प्रभावी नियंत्रण रखने, आवश्यकता वाले स्थानों पर अस्थायी पार्किंग व्यवस्था उपलब्ध कराने, दिशादर्शक बोर्ड लगाने तथा वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था करने का सुझाव दिया गया है। साथ ही, एंबुलेंस एवं अन्य अत्यावश्यक सेवाओं के वाहनों के लिए मार्ग सुचारू रखने की विशेष व्यवस्था करने का भी अनुरोध किया गया है।
गणेशोत्सव के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन को आवश्यक हरसंभव सहयोग जे. एम. म्हात्रे चैरिटेबल संस्था की ओर से किए जाने की बात भी प्रितम म्हात्रे ने कही है। प्रशासन एवं सामाजिक संस्थाओं के समन्वय से गणेशोत्सव सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो तथा गणेशभक्तों को यातायात जाम के कारण किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की गई है।
“गणेशभक्तों को परेशानी न हो, प्रशासन समय रहते कदम उठाए”
इस अवसर पर प्रितम म्हात्रे ने कहा, “गणेशोत्सव सभी की आस्था और आनंद का पर्व है। इस दौरान गणेशभक्तों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए प्रशासन को समय रहते आवश्यक सावधानियां बरतनी चाहिए। हमारी जे. एम. म्हात्रे चैरिटेबल संस्था इस कार्य में पुलिस प्रशासन को आवश्यक हरसंभव सहयोग देने के लिए सदैव तत्पर है।”
उक्त पत्र पुलिस उपायुक्त (परिमंडल-2, पनवेल), पुलिस उपायुक्त (यातायात, नवी मुंबई पुलिस आयुक्तालय), सहायक पुलिस आयुक्त (पनवेल विभाग), आयुक्त (पनवेल महानगरपालिका) तथा संबंधित पुलिस थानों के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षकों को जानकारी एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया है।

