मृतक व्यक्तियों के परिजानों एवं घायल व्यक्तियों को आर्थिक सहायता सरकार की ओर से दिया गया आश्वासन

By: Khabre Aaj Bhi
Mar 12, 2024
80

गाजीपुर : जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने सूचित किया है कि आज दिनांक 11.03.2024 को ग्राम सुलेमापुर देवकली थाना मरदह तहसील सदर, जनपद गाजीपुर में ग्राम खिरिया थाना रानीपुर तहसील मोहम्मदाबाद गोहना जनपद मऊ निवासी नन्दू पुत्र रामबचन की पुत्री का विवाह सम्पन्न कराने हेतु बस संख्या यू0पी0 65 ए0आर0 9567 द्वारा 40 से 45 व्यक्ति स्थानीय थाना मरदह में स्थित महाहर धाम से 100 मीटर पहले मेन रोड से उतर कर नहर की पटरी पर जा रही थी। लगभग 150 मीटर जाने के बाद 11000 वोल्ट की विद्युत तार से टकरा जाने के कारण लगभग 2.00 बजे अपरान्ह् बस में आग लग गयी। सूचना प्राप्त होते ही उपजिलाधिकारी व क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद गाजीपुर तथा स्थानीय थाना की फोर्स मौके पर पहुॅचकर फायर टेण्डर व स्थानीय लोगों की सहायता से आग पर काबू पाया गया। समय 2.45 बजे अपरान्ह् जिलाधिकारी आर्यका अखौरी व पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह गाजीपुर मौके पर पहुॅचें। उस समय मौके पर घटना के समय ही 04 व्यक्ति की आग से जलकर मृत्यु हो चुकी थी, जिनकी पहचान तत्समय नही की जा सकी। मृतक व्यक्तियों की सिनाख्त करायी जा रही है। गम्भीर रूप से घायल कुल 10 व्यक्तियों को सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र, मरदह में इलाज हेतु भेजा गया, जहॉ से प्राथमिक उपचार करने के बाद कुल 04 व्यक्तियों को उनकी इच्छानुसार जिला चिकित्सालय मऊ रेफर किया गया। 06 व्यक्तियों जिसमें 04 गम्भीर एवं 02 सामान्य रूपसे घायल व्यक्तियों को जिला चिकित्सालय, गाजीपुर में रेफर किया गया। जिसमें इलाज के दौरान एक महिला(अज्ञात) की मृत्यु हो गयी। श्री अनिल राजभर, माननीय मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा घटना स्थल पर पहुॅचकर मृतक व्यक्तियों के परिजानों एवं घायल व्यक्तियों को आर्थिक सहायता सरकार की ओर से दिये जाने का आश्वासन दिया गया। मा0 अरविन्द शर्मा, ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार भी लखनऊ से चलकर घटना स्थल पर पहुॅचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की तथा इस घटना के लिये उत्तरदायी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरूद्ध कार्यवाही करने एवं पीड़ित परिवारों को सरकार की ओर से यथासम्भव मदद/सहायता दिये जाने का आश्वासन दिया गया। उक्त घटना में कुल 05 व्यक्तियों की मृत्यु हो गयी है, 1. उर्मिला पत्नी फूलचन्द निवासी खिरिया जनपद मऊ, 2. निर्मला पत्नी रविन्द्र उम्र 37 वर्ष निवासी खिरियां मऊ, 3. मुरारी पत्नी दुर्गविजय उम्र 55 वर्ष निवासी रानीपुर (पिरूआ) मऊ, 4. जगरनाथ पुत्र रामाश्रय यादव (बस ड्राइवर) निवासी अकबरपुर रानीपुर मऊ, 5. कालिन्दी पत्नी अच्छेलाल उम्र 44 वर्ष निवासी खिरिया मऊ। घटना में मृत उपरोक्त सभी 05 व्यक्तियों के परिजनों को विद्युत विभाग की ओर से रूपया 5.00 लाख की आर्थिक सहायता धनराशि प्रदान की जायेगी। उक्त घटना के कारणों की जॉच हेतु मुख्य  विकास अधिकारी गाजीपुर व अपर पुलिस अधीक्षक, नगर गाजीपुर की संयुक्त जॉच कमेटी गठित कर दी गयी है,जो घटना के सभी पहलुओं पर जॉच करके रिपोर्ट जिलाधिकारी, गाजीपुर को 02 दिवस के अन्दर प्रस्तुत करेगी। जॉच में दोषी पाये जाने पर सम्बन्धित अधिकारी/कर्मचारी के विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जायेगी। उक्त घटना से सम्बन्धित सभी तथ्यो को कार्यालय माननीय मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश शासन व मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन को अवगत करा दिया गया है।



Khabre Aaj Bhi

Reporter - Khabre Aaj Bhi

Who will win IPL 2023 ?