
गाजीपुर : उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस के पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा के प्रथम दिन जनपद गाजीपुर में परीक्षा की शुचिता, निष्पक्षता एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शहीद स्मारक इंटर कॉलेज नंदगंज, हनुमान सिंह इंटर कॉलेज देवकली सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों के कंट्रोल रूम, परीक्षा कक्षों तथा मुख्य प्रवेश द्वारों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की लाइव जांच की और निगरानी व्यवस्था को संतोषजनक पाया।
अधिकारियों ने अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र एवं पहचान पत्रों के सत्यापन की प्रक्रिया का निरीक्षण किया। साथ ही मेटल डिटेक्टर के माध्यम से की जा रही तलाशी व्यवस्था का भी अवलोकन किया गया। परीक्षा केंद्रों पर भीड़भाड़ और अव्यवस्था से बचने के लिए बैरिकेडिंग एवं सुव्यवस्थित लाइन व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने केंद्र व्यवस्थापकों, स्टेटिक मजिस्ट्रेटों तथा तैनात पुलिस बल को निर्देशित किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराया जाए।
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से परीक्षा संबंधी भ्रामक सूचना, अफवाह फैलाने अथवा परीक्षा की शुचिता भंग करने का प्रयास करने वाले तत्वों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सैदपुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


