
सेवराई (गाजीपुर ) : तहसील क्षेत्र के मनिया गांव में बीते दिनों आए तेज आंधी-तूफान के दौरान टूटकर गिरे विद्युत पोल को अब तक नहीं बदला गया है। आरोप है कि बिजली निगम कर्मियों ने नया पोल लगाए बिना ही जमीन पर पड़े केबल तारों के सहारे बिजली आपूर्ति बहाल कर दी है, जिससे गांव में कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। इसको लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
स्थानीय निवासी एवं समाजसेवी जावेद खान, भोलू खान, वीर बहादुर चौरसिया समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि आंधी-तूफान में विद्युत पोल टूटकर गिर गया था। इसके बावजूद विभाग द्वारा सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए जमीन पर लेटे तारों के माध्यम से बिजली आपूर्ति चालू कर दी गई है। ग्रामीणों का कहना है कि खुले और नीचे पड़े तारों की वजह से लोगों, खासकर बच्चों और पशुओं के लिए खतरा बना हुआ है।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि मौके पर लगा एक अन्य विद्युत पोल भी नीचे से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है, जो कभी भी गिर सकता है। ऐसे में जान-माल के नुकसान की आशंका लगातार बनी हुई है। लोगों ने बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से तत्काल क्षतिग्रस्त पोल बदलकर सुरक्षित तरीके से विद्युत आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे तहसील मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।
इस संबंध में जेई राजकुमार गौतम ने बताया कि पोल बदलने के लिए एस्टीमेट बनाकर भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलते ही नया विद्युत पोल लगाकर आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी।

