
गाजीपुर : जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा की उपस्थिति में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्धता को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
समीक्षा बैठक में आवास विकास परिषद, जल निगम, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, सिंचाई विभाग, यूपी सिडको, राजकीय निर्माण निगम, प्रोजेक्ट कॉर्पोरेशन, पैकफेड तथा राज्य सेतु निगम समेत विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया।
जिलाधिकारी ने सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित अधिकारी इसके लिए पूरी तरह जिम्मेदार होंगे।
बैठक के दौरान डीएम ने उन परियोजनाओं की भी जानकारी ली जो धनाभाव के कारण अधूरी पड़ी हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उच्चाधिकारियों से पत्राचार कर शीघ्र धन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं, धन आवंटन के बावजूद धीमी प्रगति वाले कार्यों पर नाराजगी जताते हुए निर्माण एजेंसियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि जो निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके हैं, उन्हें शीघ्र संबंधित विभागों को हैंडओवर किया जाए ताकि उनका उपयोग शुरू हो सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, परियोजना निदेशक दीनदयाल वर्मा, अर्थ एवं संख्याधिकारी चंद्रशेखर प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


