
नंदगंज के धामपुर घरवा मोड़ के पास हुई मुठभेड़, तमंचा और कारतूस बरामद; चंदौली का रहने वाला है आरोपी
गाजीपुर : नंदगंज थाना क्षेत्र के धामपुर घरवा मोड़ के पास मंगलवार को पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी वांछित अभियुक्त ओसियर बिंद घायल हो गया। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, ओसियर बिंद थाना शादियाबाद में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मंगलवार को नंदगंज पुलिस को मुखबिर से उसकी मौजूदगी की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने धामपुर घरवा मोड़ के पास घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस से मुठभेड़ हो गई, जिसमें आरोपी घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त ओसियर बिंद (35) चंदौली जिले के धीना थाना क्षेत्र के लखईपुर अवंती गांव का निवासी है। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ चंदौली और गाजीपुर जिले में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में छह मुकदमे दर्ज हैं। नंदगंज थाने में भी उसके खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज है।
पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र और उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव शामिल रहे।

